चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस को चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। चंडीगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कार से चोरी की गई बैटरी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन इंडस्ट्रियल एरिया की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन और निगरानी में की। पुलिस के अनुसार यह मामला एफआईआर संख्या 120, दिनांक 18 दिसंबर 2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता उत्तम, निवासी सेक्टर 29-बी, चंडीगढ़, ने बताया कि वह इंडस्ट्रियल एरिया फेज-एक स्थित एक कार शोरूम में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। 17 दिसंबर की रात उन्होंने अपनी डस्टर कार सेक्टर 29-बी में बाल शिव मंदिर के पास खड़ी की थी।
रात करीब दस बजे टहलने के दौरान उन्होंने कार का बोनट खुला देखा। पास जाकर देखा तो एक व्यक्ति कार के अंदर से सामान निकाल रहा था। शोर मचाने पर एक आरोपी चोरी का सामान लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को शिकायतकर्ता ने पकड़ लिया और तुरंत 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मुकेश उर्फ चिकना बताया। जांच के दौरान शिकायतकर्ता की कार की बैटरी बरामद कर ली गई, जबकि कार स्टेरियो और दस्तावेज फरार साथी लेकर भाग गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर कार का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी मुकेश उर्फ चिकना को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। जांच पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।