चंडीगढ़, शहर में पैदल यात्रियों की सुगम आवाजाही, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने और नागरिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम चंडीगढ़ ने अतिक्रमण विरोधी अभियान तेज कर दिया है। दिसंबर महीने में की गई कार्रवाई के तहत नगर निगम की प्रवर्तन शाखा ने 25 दिनों में कुल 2,781 चालान जारी किए हैं।
नगर निगम के अनुसार 1 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 के बीच शहर के विभिन्न सेक्टरों और बाजारों में नियमित व विशेष अभियान चलाए गए। इस दौरान सार्वजनिक भूमि पर अस्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण, फुटपाथों और सड़कों पर रखे गए स्टॉल, तिरपाल और अन्य सामान पाए जाने पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अतिक्रमण से आम लोगों की आवाजाही बाधित हो रही थी और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
आयुक्त के निर्देश: नियम तोड़ने पर कोई नरमी नहीं
नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में अवैध रूप से संचालित किसी भी विक्रेता के प्रति कोई ढील नहीं बरती जाएगी। सभी पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स को वेंडिंग समय समाप्त होने के बाद अपने निर्धारित स्थानों से सारा सामान, उपकरण और तिरपाल हटाने के आदेश दिए गए हैं।
1 जनवरी तक दी गई अस्थायी राहत
पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स के प्रतिनिधियों के अनुरोध पर नगर निगम ने उन्हें 7 दिन की अस्थायी राहत दी है। इसके तहत 1 जनवरी 2026 तक रात 10 बजे के बाद अपने पंजीकृत वेंडिंग स्थलों से सामान और तिरपाल हटाने की अनुमति दी गई है।
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि 1 जनवरी 2026 के बाद, यदि रात 10 बजे के बाद वेंडिंग स्थलों पर कोई भी सामान, उपकरण या तिरपाल पाया गया, तो उसे बिना किसी अतिरिक्त सूचना के प्रवर्तन शाखा द्वारा हटा दिया जाएगा।
निर्धारित स्थान से ही कारोबार करने के आदेश
नगर निगम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जो पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स अपने आवंटित स्थानों के बजाय अन्य स्थानों पर कारोबार कर रहे हैं, वे तुरंत अपने निर्धारित वेंडिंग स्थलों पर लौटें। तय स्थान से हटकर कारोबार करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विशेष अभियान जारी
नियमित कार्रवाई के साथ-साथ नगर निगम द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि अस्थायी अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया जा सके और शहर में स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनी रहे।
नगर निगम चंडीगढ़ ने स्ट्रीट वेंडर्स और आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए इस अभियान में सहयोग करें, ताकि शहर को व्यवस्थित और सुगम बनाए रखा जा।