चंडीगढ़, एमवाई भारत, चंडीगढ़ (Ministry of Youth Affairs & Sports, Government of India) द्वारा एटीडीसी चंडीगढ़ के सहयोग से विजय दिवस 2025 की स्मृति में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता एमवाई भारत, सेक्टर-12, चंडीगढ़ में आयोजित हुई, जिसका उद्देश्य भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, पराक्रम एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन करना था।
प्रतियोगिता में कुल 30 उत्साही प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपने आकर्षक और भावनापूर्ण पोस्टर्स के माध्यम से देशभक्ति की भावना एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
सूक्ष्म मूल्यांकन के उपरान्त निर्णायक मंडल ने निम्नलिखित विजेताओं की घोषणा की–
● प्रथम स्थान: कनव खुराना
● द्वितीय स्थान: पालक गोयल
● तृतीय स्थान: अरशदीप कौर
● प्रोत्साहन पुरस्कार: कृष्णप्रीत सिंह
प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें सचिन सिंगला, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी, चंडीगढ़ प्रशासन एवं दीपक, प्रशिक्षण सहयोगी, आरजीएनआईवाईडी क्षेत्रीय केंद्र, चंडीगढ़ शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत कलाकृतियों की कलात्मकता एवं अभिव्यक्ति की गहराई की भूरि-भूरि सराहना की।
विजेता प्रतिभागियों को उपहार स्वरूप गिफ्ट हैम्पर एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयास एवं रचनात्मकता के सम्मान में सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, एमवाई भारत चंडीगढ़ ने सभी प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट कला प्रस्तुति के लिए बधाई दी तथा निर्णायक मंडल का उनके मूल्यवान सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने जानकारी दी कि एमवाई भारत द्वारा युवाओं के लिए समय-समय पर ऐसे प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है तथा युवाओं को एमवाई भारत पोर्टल (www.mybharat.gov.in) पर पंजीकरण कर सक्रिय रूप से सहभागिता करने हेतु प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गौरव, देशभक्ति और युवा शक्ति के उत्साह के साथ हुआ।