चंडीगढ़, आज यू.टी. चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने सेक्टर-41 और बधेड़ी स्थित मॉडल एवं सक्षम आंगनवाड़ी-सह-क्रेच केंद्रों का दौरा कर मिशन सक्षम आंगनवाड़ी तथा पोषण 2.0 के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों से संवाद किया, अनुपूरक पोषण कार्यक्रम की समीक्षा की तथा प्री-स्कूल शिक्षा के लिए स्वदेशी खिलौनों के उपयोग सहित इनडोर एवं आउटडोर सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सचिव एवं निदेशक, सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग भी उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान मुख्य सचिव को आंगनवाड़ी सेवा योजना के अंतर्गत प्रदान की जा रही पोषण सेवाओं के बारे में अवगत कराया गया, जिनमें मासिक टेक होम राशन, दैनिक गर्म पका हुआ भोजन तथा पोषक रागी बर्फी, अंडे एवं केले जैसे अतिरिक्त आहार शामिल हैं। उन्हें यह भी बताया गया कि 450 आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ-साथ 210 क्रेच संचालित हो रहे हैं, जो कार्यरत माताओं के बच्चों के लिए प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक सुरक्षित बाल देखभाल सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।
मुख्य सचिव ने सेक्टर-25 स्थित ऑब्जर्वेशन कम स्पेशल होम का भी दौरा किया, जहां उन्होंने सभी बच्चों से बातचीत की और दीवारों पर बच्चों द्वारा की गई कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण किया तथा बच्चों के लिए संचालित प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की भी समीक्षा की।
यह दौरा बच्चों और महिलाओं के सर्वांगीण विकास हेतु आंगनवाड़ी सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0 पहलों के उद्देश्यों की प्राप्ति के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करता है।