चंडीगढ़। डिप्टी मेयर तरुणा मेहता ने आज सेक्टर 30-ए में वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी सीवरेज लाइन को बदलने के लिए नई सीवरेज लाइन डालने के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के निवासी मौजूद रहे। डिप्टी मेयर तरुणा मेहता ने बताया कि सेक्टर 30-ए की पुरानी सीवरेज लाइन काफी समय से खराब हालत में थी, जिसके कारण बार-बार सीवरेज जाम होने, गंदा पानी सड़कों पर फैलने और बदबू जैसी गंभीर समस्याओं से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। कई कोशिशों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा था।
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना अमरूत 2.0 के तहत हो रही है इस पर लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपये का अनुमानित खर्च रखा गया है। नई सीवरेज लाइन के बिछ जाने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी, साथ ही स्वच्छता व्यवस्था में भी बड़ा सुधार होगा।
डिप्टी मेयर ने कहा कि हमारा उद्देश्य अपने वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। सीवरेज, पानी और सफाई जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।
स्थानीय निवासियों ने नई सीवरेज लाइन के कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए डिप्टी मेयर तरुणा मेहता का धन्यवाद किया और उम्मीद जताई कि कार्य तय समय में पूरा किया जाएगा। इस मौके पर ईएसई सोसाइटी के सदस्य, रविदास गुरुद्वारा कमेटी, योग दिव्य मंदिर कमेटी के सदस्य, ईपीएफओ कमेटी के सदस्य के साथ नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।