चंडीगढ़ । चंडीगढ़ पुलिस ने मनीमाजरा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और सेंधमारी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के गहने और घरेलू सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों को 10 जनवरी 2026 को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीमों ने इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। इसके तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
दो अलग-अलग मामलों में दर्ज हुई थीं एफआईआर
पहला मामला एफआईआर नंबर 4 दिनांक 9 जनवरी 2026 से जुड़ा है, जो मनीमाजरा थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता अभिनव पाल ने बताया कि उनकी दुकान (शॉप नंबर 61, एमएचसी, मनीमाजरा) के बाहर से अज्ञात व्यक्ति ब्लोअर, मिक्सी ग्राइंडर और दो तेल के टिन चोरी कर ले गया।
दूसरा मामला एफआईआर नंबर 5 दिनांक 9 जनवरी 2026 का है। शिकायतकर्ता ज्योति शर्मा ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 2:50 बजे वह कपड़े सुखाने के लिए छत पर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात व्यक्ति उनके घर से एक जोड़ी सोने की बालियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी की चूड़ियां और एक चांदी की चेन लॉकेट सहित चोरी कर ले गया।
तीन आरोपी दबोचे गए, पूरा सामान बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने शमशेर सिंह, शंकर रावत और करन उर्फ पेप्सी को गिरफ्तार किया। शमशेर सिंह और शंकर रावत के कब्जे से ब्लोअर, मिक्सी ग्राइंडर और दो तेल के टिन बरामद किए गए, जबकि करन उर्फ पेप्सी से सोने-चांदी के सभी चोरी किए गए गहने बरामद हुए।
आरोपियों की प्रोफाइल
शमशेर सिंह (32 वर्ष) मनीमाजरा के मरी वाला टाउन का रहने वाला है और 12वीं पास है।
शंकर रावत (30 वर्ष) पिपली वाला टाउन, मनीमाजरा का निवासी है और एक सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है।
करन उर्फ पेप्सी (23 वर्ष) पंचकूला के माजरी चौक इलाके का रहने वाला है और मजदूरी करता है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शमशेर सिंह और शंकर रावत के खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं है, जबकि करन उर्फ पेप्सी के खिलाफ वर्ष 2025 में अंबाला सिटी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है।