चंडीगढ़: आज चंडीगढ़ स्थित कालीबाड़ी मंदिर में कालीबाड़ी मैनेजिंग कमेटी के सहयोग से एक विशाल लंगर सेवा का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्वामी विवेकानंद जी की स्मृति में एवं युवा दिवस के अवसर पर किया गया। स्वामी विवेकानंद जी माँ काली के परम भक्त और श्री रामकृष्ण देव जी के शिष्य थे। इसी प्रेरणा से युवाओं द्वारा कालीबाड़ी मंदिर परिसर में लंगर वितरण किया गया।
इस आयोजन का श्रेय कालीबाड़ी की वाइस प्रेसिडेंट अमृता गांगुली को जाता है, जिनके नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर रजनी कांत मुखर्जी, वार्ड नंबर 21 से भाजपा के जनरल सेक्रेटरी एवं कालीबाड़ी कमेटी के सदस्य, ने बताया कि कालीबाड़ी मंदिर में हर महीने औसतन चार लंगर सेवाएं आयोजित की जाती हैं। इसके अलावा, कालीबाड़ी गेट के बाहर प्रत्येक शनिवार एवं अमावस्या के दिन लंगर और संकीर्तन का नियमित आयोजन होता है।
लंगर सेवा दोपहर 12 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली, जिसमें गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया गया। कार्यक्रम मंदिर के अंदर और बाहर दोनों स्थानों पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कालीबाड़ी मंदिर प्रबंधन ने दोहराया कि यह मंदिर जनसाधारण और गरीबों की सेवा के लिए सदैव खुला रहेगा।