चंडीगढ़, पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन ने बिहार फाउंडेशन पंजाब एवं चंडीगढ़ चैप्टर के सहयोग से शनिवार को कांसल स्थित एक रिज़ॉर्ट में पारंपरिक लिट्टी–चोखा के साथ सामुदायिक मिलन समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला से बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य ट्राइसिटी में रहने वाले पूर्वांचलवासियों के बीच सामाजिक संपर्क और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करना था। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक व्यंजन परोसे गए, जिससे समुदाय के सदस्यों को आपस में मिलने और संवाद का अवसर मिला।
समारोह में चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कई वर्तमान और सेवानिवृत्त आईएएस एवं आईपीएस अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अन्य अधिकारी और पेशेवर भी उपस्थित रहे। अधिकारियों और प्रतिभागियों के बीच संवाद कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण रहा।
बिहार फाउंडेशन पंजाब एवं चंडीगढ़ चैप्टर के चेयरमैन डॉ. रूपेश सिंह और पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट यू.के. सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने और समुदाय में एकता को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी समुदाय को जोड़ने के लिए ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।