चंडीगढ़ । नक्शा पायलट परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए उपायुक्त निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय सर्वेक्षण और ग्राउंड ट्रुथिंग से जुड़ी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई और अब तक हुई प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में बताया गया कि सेक्टर 2 से 17 के बीच लगभग 7000 संपत्तियां हैं, जिनमें आवासीय और वाणिज्यिक दोनों तरह की इकाइयां शामिल हैं। इनमें से करीब 4500 संपत्तियों का नक्शा फील्ड टीमों द्वारा भौतिक निरीक्षण, ग्राउंड ट्रुथिंग और सत्यापन किया जा चुका है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 20 फील्ड टीमें सर्वे कार्य में लगी हुई हैं।
प्रशासन ने बताया कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद सर्वे कार्य लगातार जारी है और पूरी प्रक्रिया के 31 जनवरी 2026 तक पूर्ण होने की उम्मीद है। उपायुक्त ने परियोजना से जुड़े सभी विभागों और एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए पायलट परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया, ताकि सटीक और विश्वसनीय संपत्ति अभिलेख तैयार किए जा सकें।
चंडीगढ़ प्रशासन ने नागरिकों और संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे फील्ड सर्वे टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें और संपत्ति स्वामित्व से संबंधित जानकारी मांगे जाने पर उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि नक्शा परियोजना के तहत एकत्र किया गया डेटा निर्धारित मानकों के अनुसार केवल आधिकारिक उद्देश्यों के लिए ही उपयोग किया जाएगा।