चंडीगढ़, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को सेक्टर-6 स्थित यूटी गेस्ट हाउस में ‘सेफ सिस्टम अप्रोच’ थीम पर रोड सेफ्टी डायलॉग-कम-वर्कशॉप का आयोजन किया। कार्यशाला का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर समग्र और साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोण को बढ़ावा देना रहा, ताकि सड़क डिजाइन को सुरक्षित बनाया जा सके, दुर्घटनाओं की गंभीरता कम हो और पैदल यात्रियों व अन्य कमजोर सड़क उपयोगकर्ताओं को बेहतर सुरक्षा मिल सके।
समापन सत्र में डीजीपी चंडीगढ़ सागर प्रीत हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि उद्घाटन सत्र में आईजीपी चंडीगढ़ पुष्पेंद्र कुमार ने अतिथि सम्मान के रूप में भाग लिया।
कार्यशाला में ट्रैफिक विशेषज्ञों के साथ-साथ यूटी इंजीनियरिंग विभाग, नगर निगम चंडीगढ़, आर्किटेक्चर विभाग और चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भागीदारी की।
पांच संवेदनशील सड़क खंड चिन्हित
सेफ सिस्टम अप्रोच के तहत चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक दबाव और जाम की दृष्टि से संवेदनशील पांच प्रमुख सड़क खंडों की पहचान की है, जहां लक्षित हस्तक्षेप के जरिए आवागमन सुधारने, जाम कम करने और सड़क दुर्घटनाओं में मौतों को न्यूनतम करने पर फोकस किया जाएगा। ये सड़क खंड हैं—
ज़ीरकपुर बैरियर से हल्लो माजरा लाइट प्वाइंट (एनएच-5)
हल्लो माजरा लाइट प्वाइंट से ट्रिब्यून चौक (एनएच-5)
हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट से ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट
मुल्लांपुर बैरियर से सेक्टर-25/38 लाइट प्वाइंट
पीजीआई चौक से मुल्लांपुर बैरियर
फील्ड सर्वे के लिए गठित की गईं टीमें
इन सड़क खंडों के लिए पांच समर्पित टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में ट्रैफिक विशेषज्ञ, यूटी इंजीनियरिंग विभाग, आर्किटेक्चर विभाग, नगर निगम चंडीगढ़ के प्रतिनिधि, संबंधित डीएसपी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर शामिल हैं।
टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में मौके पर जाकर सड़क की मौजूदा स्थिति, ट्रैफिक फ्लो पैटर्न, सड़क डिजाइन से जुड़ी खामियों, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और प्रवर्तन से जुड़ी चुनौतियों का गहन आकलन किया।
सिफारिशों पर होगी कार्रवाई
फील्ड सर्वे के आधार पर तैयार की जा रही विस्तृत रिपोर्ट में सभी अवलोकन और सिफारिशें शामिल की जाएंगी। यह रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेजी जाएगी, ताकि जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें और सिफारिशों को लागू किया जा सके।
कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रवर्तन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बेहतर सड़क डिजाइन, इंजीनियरिंग सुधार और सभी हितधारकों के समन्वय से ही स्थायी समाधान संभव है।
वर्कशॉप से निकलीं अहम सिफारिशें
वर्कशॉप के दौरान किए गए फील्ड सर्वे और विशेषज्ञों के विमर्श के आधार पर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सिफारिशें सामने आईं। इनमें 66 केवी जंक्शन चौक से मुल्लांपुर चौक तक फ्लाईओवर या एलिवेटेड रोड विकसित करने का प्रस्ताव शामिल है, जिससे इस व्यस्त कॉरिडोर पर ट्रैफिक का दबाव कम हो सके।
इसके अलावा, गर्चा टर्न लाइट प्वाइंट से सीधे पंचकूला सेक्टर-17 और 18 की ओर तथा कॉलोनी नंबर-4 लाइट प्वाइंट से गांव दरिया और पंचकूला की दिशा में नई कनेक्टिविटी सड़कें बनाने का सुझाव दिया गया है।
पैदल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हल्लो माजरा लाइट प्वाइंट और पोल्ट्री फार्म चौक पर अंडरब्रिज निर्माण की सिफारिश की गई है। वहीं, एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से ट्रिब्यून चौक तक दोनों ओर समर्पित साइकिल ट्रैक विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।
इसी क्रम में सरकारी हाई स्कूल, सारंगपुर (बॉटेनिकल गार्डन के सामने) तथा पीजीआई और पंजाब यूनिवर्सिटी के पास अंडरपास निर्माण के प्रस्ताव भी रखे गए हैं, ताकि ट्रैफिक का प्रवाह सुचारु हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
हेरिटेज सिटी को ध्यान में रखकर योजना
चंडीगढ़ के हेरिटेज सिटी होने के मद्देनजर यह भी स्पष्ट किया गया कि हल्लो माजरा, दक्षिन मार्ग स्थित पोल्ट्री फार्म चौक, मध्य मार्ग पर पीजीआई और पंजाब यूनिवर्सिटी को विभाजित करने वाली सड़क तथा सारंगपुर में सरकारी हाई स्कूल के पास अंडरपास निर्माण की व्यवहारिकता को विशेष अध्ययन के साथ परखा जाएगा।
समन्वय से ही होगा सड़क सुरक्षा का लक्ष्य पूरा
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने दोहराया कि सड़क सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है। सिफारिशों को समयबद्ध ढंग से लागू करने के लिए आपसी समन्वय और सहयोग पर जोर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी कवायद सेफ सिस्टम अप्रोच के तहत अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने की दिशा में एक ठोस कदम है, जिसका उद्देश्य चंडीगढ़ की सड़कों को अधिक सुरक्षित, सुचारु और नागरिकों के अनुकूल बनाना है।