चंडीगढ़: चंडीगढ़ म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने तीनों प्रमुख पदों पर जीत दर्ज करते हुए स्पष्ट बहुमत के साथ क्लीन स्वीप किया है। मेयर पद पर सौरभ जोशी, सीनियर डिप्टी मेयर पद पर जसमनप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर पद पर सुमन शर्मा की जीत को पार्टी ने विकास और सुशासन की नीतियों पर जनता की मुहर बताया।
चुनावी परिणामों के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और मेयर चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने सेक्टर–33 स्थित प्रदेश कार्यालय कमलम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह जीत केवल पदों की नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के भविष्य को लेकर जनता के भरोसे की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों ने पारदर्शी प्रशासन और जवाबदेह नगर निगम के पक्ष में स्पष्ट संदेश दिया है।
तावड़े ने कहा कि पिछली मेयर हरप्रीत कौर बबला के कार्यकाल में जनहित और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई, जिसका असर इस चुनावी परिणाम में दिखाई देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए मेयर और दोनों उप-मेयर उसी कार्यसंस्कृति को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम को और अधिक सक्रिय तथा परिणामोन्मुख बनाएंगे।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि चंडीगढ़ के योजनाबद्ध और तेज विकास के लिए ‘सी–7 समिति’ का गठन किया जाएगा। इस समिति में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर और भाजपा के तीन अन्य पार्षद शामिल होंगे। समिति प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में कार्य करेगी और विकास कार्यों की निगरानी के साथ-साथ शहर के हित में प्राप्त सुझावों को लागू करने पर फोकस करेगी।
मेयर चुनाव में मिली जीत के बाद प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उत्साह व्यक्त किया। पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी नेतृत्व ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की प्राथमिकता चंडीगढ़ को स्वच्छ, सुरक्षित, स्मार्ट और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित शहर के रूप में विकसित करना रहेगा।