चंडीगढ़, अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और संस्थानों की साझा धरोहर हैं। उनकी गरिमा, सुरक्षा और सक्रिय जीवन सुनिश्चित करना सामूहिक दायित्व है। वे चंडीगढ़ सीनियर सिटीजन एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
कटारिया ने वरिष्ठ नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सुझाव राष्ट्र व समाज निर्माण की नींव रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतियां तभी मजबूत होती हैं, जब उनमें अनुभव की परछाई होती है।
प्रशासक ने वर्ष 1996 में पूर्व पंजाब मुख्य सचिव पी.एच. वैष्णव के नेतृत्व में स्थापित चंडीगढ़ सीनियर सिटीजन एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था फिजियोथेरेपी, योग, स्वास्थ्य जांच जैसी निःशुल्क सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
सभा को संबोधित करते हुए कटारिया ने वरिष्ठ नागरिकों को “चलती-फिरती पुस्तकालय” बताया और कहा कि उनका ज्ञान समाज के लिए अमूल्य पूंजी है। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों से सीखने और वरिष्ठ नागरिकों से अपने अनुभव प्रशासन के साथ साझा करने का आह्वान किया, ताकि नीतियों को और अधिक संवेदनशील व व्यावहारिक बनाया जा सके।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ‘सीनियर सिटीजन होम’ जैसे शब्दों के स्थान पर अधिक सकारात्मक और सम्मानजनक नाम अपनाए जाने चाहिए, जिससे बुजुर्गों के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव आए।
वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर चिंता जताते हुए कटारिया ने कहा कि तीव्र शहरीकरण, रोजगार के लिए पलायन और संयुक्त परिवार से एकल परिवार की ओर बढ़ता रुझान कई वरिष्ठ नागरिकों को अकेलेपन और उपेक्षा की ओर धकेल रहा है। ऐसे में समाज की सामूहिक भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए वृद्धावस्था पेंशन, स्वास्थ्य बीमा, विशेष स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम और माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण व कल्याण अधिनियम के तहत कानूनी सुरक्षा जैसी योजनाएं लागू की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, सामाजिक सेवा, संस्कृति और रेड क्रॉस से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों व स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। प्रशासक ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उन्हें प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया और समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक बुधवार आयोजित जनता दरबार में अपॉइंटमेंट लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।