चंडीगढ़, Aam Aadmi Party के वरिष्ठ नेता प्रेम गर्ग ने केंद्रीय बजट 2026 27 में चंडीगढ़ के लिए किए गए आवंटन में भारी कटौती की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इसे शहर के विकास और जनसेवाओं के खिलाफ बताते हुए गंभीर चिंता जताई। प्रेम गर्ग ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025 26 में चंडीगढ़ को 6983.18 करोड़ रुपये का बजट मिला था, जिसे 2026 27 में घटाकर 5720.17 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसमें राजस्व मद 6185.18 करोड़ रुपये से घटकर 5275.15 करोड़ रुपये रह गया है, जबकि पूंजीगत यानी विकास मद 798.00 करोड़ रुपये से घटाकर मात्र 445.02 करोड़ रुपये कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि विकास मद में लगभग 44.2 प्रतिशत की कटौती का सीधा असर शहर के बुनियादी ढांचे, अस्पतालों, स्कूलों, सड़कों और शहरी विकास परियोजनाओं पर पड़ेगा। वहीं राजस्व मद में कमी से कर्मचारियों और सार्वजनिक सेवाओं पर दबाव बढ़ेगा।
प्रेम गर्ग ने कहा, ‘चंडीगढ़ की आबादी और जरूरतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में बजट में कटौती करना पूरी तरह अनुचित है।’ उन्होंने केंद्र सरकार से बजट आवंटन की समीक्षा कर चंडीगढ़ का उचित हिस्सा बहाल करने की मांग की।