चंडीगढ़, नगर निगम चंडीगढ़ के आयुक्त अमित कुमार, आईएएस ने राजस्थान के उदयपुर में आयोजित ऑल इंडिया फायर सर्विस गेम्स 2026 में चंडीगढ़ फायर सर्विस के शानदार प्रदर्शन की सराहना की है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता गृह मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित की गई। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न फायर सर्विस इकाइयों से करीब छह हजार फायरफाइटर्स ने भाग लिया। चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए 18 सदस्यीय दल ने अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता का बेहतरीन प्रदर्शन किया और शहर के लिए कई पदक जीते।
क्रिकेट चैंपियनशिप में चंडीगढ़ फायर क्रिकेट टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक अपने नाम किया। टीम का नेतृत्व कप्तान अंकुश गहलावत और उप कप्तान नरेश कुमार ने किया, जिनके नेतृत्व और टीमवर्क ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई।
रेसलिंग स्पर्धाओं में भी चंडीगढ़ फायरफाइटर्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते। विषु मोर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि नीरज ने रजत पदक हासिल किया। अनिल और सुभाष ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
सुभाष की उपलब्धि विशेष रूप से प्रेरणादायक रही। अंतिम चरण के कैंसर से जूझने के बाद उन्होंने न केवल जीवन की जंग जीती, बल्कि प्रतिस्पर्धी खेलों में वापसी करते हुए चंडीगढ़ के लिए पदक भी जीता। उनकी यह उपलब्धि साहस, संकल्प और मानवीय जिजीविषा का उदाहरण बनी।
टीम को बधाई देते हुए नगर निगम आयुक्त ने कहा कि चंडीगढ़ फायरफाइटर्स कठिन और जोखिमपूर्ण पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्टता का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि फायरफाइटर्स अनुशासन, जनसुरक्षा के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय मंच पर उभरती खेल प्रतिभा का प्रतीक हैं