चंडीगढ़। शहर के सेक्टर-45 स्थित बुड़ैल क्षेत्र में बिजली और इंटरनेट तारों का जंजाल अब गंभीर सुरक्षा संकट में बदलता जा रहा है। गलियों और मुख्य सड़कों पर जगह-जगह नीचे लटकते, आपस में उलझे और खुले तार आम लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तारों के साथ वाईफाई और इंटरनेट के केबल भी अनियमित ढंग से खींचे गए हैं। कुछ तार खंभों से ढीले होकर नीचे लटक रहे हैं, तो कई जगहों पर तारों का गुच्छा झूलता दिखाई देता है। बच्चे खेलते समय इन तारों के संपर्क में आ सकते हैं, वहीं बुजुर्गों और राहगीरों के लिए भी यह स्थिति जोखिम भरी है।
बरसात या तेज हवा के दौरान करंट लगने, शॉर्ट सर्किट और आगजनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पहले भी हल्की चिंगारी और तारों के आपस में टकराने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे दहशत का माहौल है।
इस मुद्दे को लेकर समाजसेवी शादाब राठी ने उपायुक्त, चंडीगढ़ को पत्र लिखकर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने संबंधित विभागों—बिजली और दूरसंचार एजेंसियों—को निर्देश जारी कर संयुक्त सर्वे कराने और अव्यवस्थित तारों को व्यवस्थित या भूमिगत करने की अपील की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि जनसुरक्षा से जुड़ा यह मामला प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए।