चंडीगढ़, एंटी सोशल तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर 31 क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना सेक्टर 31 की टीम ने 19 वर्षीय आरोपी आशुतोष निवासी गांव हल्लोमाजरा को गिरफ्तार किया है, जबकि 17 वर्षीय नाबालिग को काबू किया गया है। कार्रवाई यूटी की एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देश और एसडीपीओ साउथ गुरजीत कौर की निगरानी में की गई।
मामला एफआईआर नंबर 27 दिनांक 15.02.2026 के तहत दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता वरुण कुमार, निवासी जिला कांगड़ा, ने बताया कि 11.02.2026 को ट्रिब्यून चौक पर बस से उतरने के बाद सेक्टर 31 स्थित पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने मारपीट कर उसके गले पर चाकू रख दिया और पर्स, पीएनबी एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन तथा नकदी छीन ली।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटा गया पोको मोबाइल, एटीएम कार्ड, कुल 12 छीने गए मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पर्स और नकदी बरामद की गई।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।