चंडीगढ़। डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, चंडीगढ़ ने मंगलवार को राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। बार पदाधिकारियों ने लॉयर चैंबर कॉम्प्लेक्स की जर्जर छत, सीपेज और वॉटरप्रूफिंग की समस्या सहित अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
सांसद संधू, जो चंडीगढ़ एडमिनिस्ट्रेटर एडवाइजरी काउंसिल की लॉ एंड ऑर्डर स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन भी हैं, ने मौके पर ही अपने एमपीलैड्स फंड से 15 लाख रुपये की ग्रांट जारी करने की घोषणा की। यह राशि डिस्ट्रिक्ट कोर्ट स्थित लॉयर चैंबर कॉम्प्लेक्स की छत की मरम्मत और वॉटरप्रूफिंग कार्य पर खर्च की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत फंड शीघ्र जारी कर काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एडवोकेट अशोक चौहान, वाइस-प्रेसिडेंट एडवोकेट संदीप गुज्जर, सेक्रेटरी एडवोकेट अमीश शर्मा, ट्रेज़रर एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और जॉइंट सेक्रेटरी एडवोकेट पूजा दीवान सहित अन्य सदस्यों ने सांसद का स्वागत किया और वकीलों की कार्य परिस्थितियों से अवगत कराया।
सदस्यों को संबोधित करते हुए संधू ने कहा कि वकील न्याय व्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हें कार्यस्थल पर सुरक्षित व सुविधाजनक माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय आम आदमी तक सुलभ और किफायती होना चाहिए। “एक गरीब व्यक्ति को उचित शुल्क पर न्याय मिलना हमारी सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है,” उन्होंने कहा।
चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला क्षेत्र की बढ़ती आबादी का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि लगभग 25 लाख की आबादी वाले इस त्रि-शहरी क्षेत्र में ट्रैफिक, पार्किंग और चैंबर की कमी गंभीर चुनौतियां बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि यह मुद्दा संसद में भी उठाया गया है और आने वाले 40-50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान तैयार करना आवश्यक है।
उन्होंने शहर में झुग्गी-झोपड़ियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर भी चिंता जताई और समाज के सभी वर्गों से मिलकर समाधान की दिशा में काम करने की अपील की।