चंडीगढ़, मेयर सौरभ जोशी ने यूटी चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा को प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस’ मिलने पर सम्मानित किया। यह भारतीय पुलिस सेवा में दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मानों में से एक है। डॉ. हुड्डा को यह पदक अमित शाह ने नई दिल्ली में आयोजित दिल्ली पुलिस के 79वें रेजिंग डे समारोह के दौरान प्रदान किया। मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि यह सम्मान न केवल चंडीगढ़ पुलिस बल्कि पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने डॉ. हुड्डा के नेतृत्व, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट सेवा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि हर नागरिक के लिए प्रेरणा है।
मेयर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे समर्पित अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना पुलिस बल का मनोबल बढ़ाता है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देता है। अभिनंदन समारोह में शहर की ओर से पुलिस नेतृत्व के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सराहना का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।