चंडीगढ़, दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा स्थित 'नमो मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट' में आयोजित 'इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन' के 53वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन में पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ का मान बढ़ा है। संस्थान के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की प्रोफेसर डॉ. मधु गुप्ता को चिकित्सा क्षेत्र के सबसे गौरवशाली 'धन्वंतरि ओरेशन' सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान दमन-दीव, दादरा-नगर हवेली और लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. मधु गुप्ता ने 'विकसित भारत 2047 की ओर: टीकों का विकास से प्रभावशीलता तक योगदान' विषय पर अपना मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करता है, बल्कि यह देश की आर्थिक प्रगति और सामाजिक न्याय का भी एक बड़ा आधार है।
देश में टीकाकरण का सफर: 4 से बढ़कर हुई 12 टीकों तक पहुंच
डॉ. गुप्ता ने अपने संबोधन में भारत के 'यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम' की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि साल 1978 में जहां इस कार्यक्रम की शुरुआत केवल 4 टीकों से हुई थी, वहीं 2026 तक इनकी संख्या बढ़कर 12 हो चुकी है। भारत ने सफलतापूर्वक चेचक, पोलियो और नवजात टिटनस जैसी बीमारियों को जड़ से खत्म किया है। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि डीपीटी3 कवरेज, जो साल 2000 में 58 प्रतिशत था, वह 2024 में बढ़कर 94 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गया है।
डिजिटल क्रांति: 'कोविन' से 'एआई' तक भविष्य की तैयारी
डॉ. मधु गुप्ता ने आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की भूमिका को गेम-चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने कोविड-19 के दौरान दुनिया को दिखाया कि कैसे तकनीक के जरिए करोड़ों लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। 'कोविन' और 'यू-विन' जैसे डिजिटल माध्यमों ने न केवल टीकाकरण को पारदर्शी बनाया, बल्कि इसकी पहुंच को भी सुलभ किया।
अमृत काल के लिए भावी रणनीति:
एआई और तकनीक: डॉ. गुप्ता ने वैक्सीन विकास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के एकीकरण और वयस्क टीकाकरण कार्यक्रमों को मजबूत करने की वकालत की।
पीजीआई का योगदान: उन्होंने रोटावायरस, टाइफाइड, खसरा-रुबेला और एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर) टीकों के परीक्षण और नीति निर्धारण में पीजीआईएमईआर के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।
जीवन-चक्र दृष्टिकोण: उन्होंने बचपन से लेकर वृद्धावस्था तक टीकाकरण के 'लाइफ-कोर्स अप्रोच' को अपनाने पर जोर दिया।
"टीके सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय मजबूती के साधन हैं। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए टीकाकरण में निरंतर निवेश और आधुनिक तकनीक का समावेश अनिवार्य है।"