चंडीगढ़, शहर में झपटमारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंडीगढ़ पुलिस के थाना-49 की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने झपटमारी के एक मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
एसएसपी कंवरदीप कौर और एसपी सिटी के.एम. प्रियंका के दिशा-निर्देशों पर एसडीपीओ दक्षिण गुरजीत कौर की देखरेख में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शेर सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुराइल निवासी विक्रमजीत (21) और सेक्टर-32सी निवासी ओम प्रकाश (27) के रूप में हुई है।
समय पूछने के बहाने की थी झपटमारी
पुलिस के अनुसार, यह मामला मोहाली के फेज-11 निवासी राजेश कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया था। राजेश 2 मार्च को किसी काम से सेक्टर-48 की मोटर मार्केट आए थे। गेट नंबर-1 के पास खड़े होने के दौरान दो युवकों ने उनसे समय पूछा। जैसे ही राजेश ने मोबाइल निकाला, लाल हुडी पहने एक युवक ने उनका हाथ पकड़ा और काली टी-शर्ट पहने दूसरे युवक ने मोबाइल छीन लिया। शोर मचाने पर भागते समय लाल हुडी वाले आरोपी को मौके पर मौजूद लोगों ने दबोच लिया था।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड और बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई ब्लैक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (HR10R-3289) और छीना गया ओप्पो मोबाइल बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। इन पर पहले भी सेक्टर-34 थाने में झपटमारी का मामला दर्ज है, जबकि ओम प्रकाश पर साल 2018 में भी चोरी का केस दर्ज हुआ था।
आरोपियों का प्रोफाइल
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मजदूर के रूप में काम करते हैं और कम पढ़े-लिखे हैं:
विक्रमजीत: 8वीं पास, रामदरबार में लेबर का काम करता है।
ओम प्रकाश: 8वीं पास, रामदरबार में ही डीजे डेकोरेशन का काम करता है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।