चंडीगढ़, राजधानी चंडीगढ़ में थैलेसीमिया पीड़ितों और अन्य गंभीर मरीजों को रक्त की कमी न हो, इसके लिए पीजीआईएमईआर के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग और थैलेसेमिक चैरिटेबल ट्रस्ट (टीसीटी) ने मिलकर रक्तदान शिविरों की एक विशेष श्रृंखला का आयोजन किया। 21 फरवरी से 27 फरवरी के बीच आयोजित इन पांच शिविरों में कुल 469 जागरूक नागरिकों ने रक्तदान कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की।
क्रमवार शिविरों में जुटा उत्साह
ट्रस्ट द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, यह शिविर 21, 22, 23, 25 और 27 फरवरी को आयोजित किए गए। पहले शिविर में 103, दूसरे में 28, तीसरे में 168, चौथे में 51 और पांचवें शिविर में 120 रक्तदाताओं ने अपना योगदान दिया। ट्रस्ट ने न केवल रक्त संकलन पर ध्यान दिया, बल्कि दानदाताओं की सुविधा के लिए भी व्यापक प्रबंध किए थे।
जागरूकता डेस्क से दी बीमारी की जानकारी
शिविरों के दौरान एक विशेष 'थैलेसीमिया जागरूकता डेस्क' भी स्थापित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों और आम जनता को थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के बारे में शिक्षित करना और नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व को समझाना था। विशेषज्ञों ने इस अवसर पर जोर दिया कि स्वैच्छिक रक्तदान ही उन कीमती जिंदगियों को बचाने का एकमात्र जरिया है जो समय पर रक्त मिलने पर निर्भर हैं।
प्रमाण पत्र और बैज देकर किया सम्मानित
रक्तदान के इस महाकुंभ में हिस्सा लेने वाले सभी दानदाताओं को प्रमाण पत्र, बैज और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के प्रमुख प्रोफेसर (डॉ.) आर.आर. शर्मा और ट्रस्ट के सदस्य सचिव राजेंद्र कालरा ने सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने पीजीआई की मेडिकल टीम और ट्रस्ट के वालंटियर्स की भी सराहना की, जिन्होंने इन शिविरों को सफल बनाने में दिन-रात मेहनत की।