चंडीगढ़, सिटी ब्यूटीफुल में शुक्रवार को कंधे की सर्जरी की बारीकियों और इसमें हो रहे आधुनिक बदलावों पर केंद्रित दो दिवसीय राष्ट्रीय शैक्षणिक सम्मेलन 'आईओआरए (IORA) शोल्डर कॉन्क्लेव-2026' का भव्य शुभारंभ हुआ। आर्थ्रोप्लास्टी सोसाइटी ऑफ ट्रिसिटी (एएसटी) के तत्वावधान में आयोजित यह सम्मेलन आगामी 7 मार्च तक जारी रहेगा। पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने आधुनिक ऑर्थोपेडिक अभ्यास में निरंतर अकादमिक आदान-प्रदान और तकनीकी नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कंधे की सर्जरी के अग्रणी विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने की इस पहल की सराहना की।
तकनीकी नवाचार और आधुनिक तकनीकें
इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय "कंधे की सर्जरी में तकनीकी नवाचार" रखा गया है। इसमें आर्थ्रोस्कोपिक और जोड़ प्रत्यारोपण की उन नवीनतम तकनीकों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जो कंधे के जटिल विकारों के प्रबंधन में क्रांतिकारी बदलाव ला रही हैं। कॉन्क्लेव का उद्देश्य वरिष्ठ विशेषज्ञों और युवा सर्जनों को एक ऐसा साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे उभरती प्रौद्योगिकियों, सर्जिकल बारीकियों और क्लीनिकल परिणामों पर विस्तार से चर्चा कर सकें। इस कार्यक्रम में देशभर से 180 से अधिक हड्डी रोग विशेषज्ञों और पोस्ट ग्रेजुएट प्रशिक्षुओं ने हिस्सा लिया है।
वर्कशॉप में मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
कॉन्क्लेव का एक मुख्य आकर्षण 'सॉ बोन मॉडल' (saw bone model) वर्कशॉप रही। इसमें प्रतिभागियों को शोल्डर रिप्लेसमेंट, आर्थ्रोस्कोपिक रोटेटर कफ रिपेयर और बाइसेप्स टैनोडेसिस जैसी उन्नत प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इससे युवा सर्जनों को आधुनिक सर्जिकल तकनीकों को करीब से समझने का अवसर मिला।
यह आयोजन पीजीआई के हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्ष और आयोजन अध्यक्ष प्रो. विजय जी. गोनी के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन टीम में प्रो. समीर अग्रवाल (सह-अध्यक्ष), डॉ. आरती एस. दीवान (सचिव), डॉ. दीपक कुमार (सह-सचिव) और प्रो. पेबम सुदेश (कोषाध्यक्ष) शामिल हैं।
विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
उल्लेखनीय है कि इंडियन ऑर्थोपेडिक रूमेटोलॉजी एसोसिएशन (IORA) भारतीय ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के तहत एक विशेषज्ञ संस्था है, जो शोध और शिक्षा के माध्यम से इस क्षेत्र में ज्ञानवर्धन के लिए समर्पित है। सम्मेलन को आईओआरए समिति के डॉ. एस.एस. झा, डॉ. दिलीप मजूमदार, डॉ. मनीष खन्ना और डॉ. के.पी. जायसवाल सहित कई वरिष्ठ विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त है।