चंडीगढ़, चंडीगढ़ पुलिस के सेक्टर-39 थाना की टीम ने सेक्टर-40 की मार्केट में हुई चाकूबाजी की वारदात को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की पहचान आयुष कुमार उर्फ आशु (22) निवासी सेक्टर-40-सी के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया तेजधार चाकू भी बरामद कर लिया है।
शराब के नशे में हुआ था विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-40-सी निवासी शुभम (23) ने बताया कि वह सेक्टर-23 की मार्केट में स्कूटर मैकेनिक का काम करता है। 9 मार्च की शाम जब वह काम से घर लौट रहा था, तो सेक्टर-40 की मार्केट में उसे उसका दोस्त आशु मिला। दोनों ने वहां बैठकर शराब पी। शराब के नशे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आशु ने गुस्से में आकर शुभम की पीठ पर तेजधार चाकू से हमला कर दिया।
पीठ पर किया वार, लहूलुहान हुआ युवक
इस हमले में शुभम को गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने लगा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शुभम की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1), 351(2) और 351(3) के तहत एफ़आईआर नंबर 31 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मंगलवार को आरोपी आयुष को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आयुष कुमार पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। दिसंबर 2025 में भी उसके खिलाफ सेक्टर-39 थाना में प्रिवेंटिव एक्शन (निवारक कार्रवाई) के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी 12वीं पास है और निजी काम करता है। पुलिस ने उसे लॉकअप में रखा है और बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। यह पूरी कार्रवाई एसपी सिटी प्रियंका और एसडीपीओ साउथ वेस्ट धीरज कुमार के नेतृत्व में एसएचओ राम दयाल की टीम द्वारा अमल में लाई गई।