चंडीगढ़, वैवाहिक विवादों और घरेलू हिंसा के मामलों में निष्पक्ष व प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने आज कमर कसी। सेक्टर-26 स्थित रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (RTC) के मल्टीमीडिया हॉल में 'घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम-2005' और 'दहेज निषेध अधिनियम-1961' पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस जांच अधिकारियों (IOs) को कानूनी प्रक्रियाओं के प्रति अधिक संवेदनशील और दक्ष बनाना था।
एसपी (मुख्यालय एवं प्रशिक्षण) मंजीत (IPS) के मार्गदर्शन और डीएसपी (ट्रेनिंग) अमराव सिंह की देखरेख में आयोजित इस सत्र में विशेष रूप से महिला थाने के जांच अधिकारियों को शामिल किया गया।
कानूनी प्रावधानों और साक्ष्यों पर जोर
कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता के तौर पर पहुंचीं एडवोकेट मंजीत कौर ने पुलिसकर्मियों को घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न के मामलों में साक्ष्य जुटाने की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अक्सर कानूनी जानकारी के अभाव में केस कमजोर हो जाते हैं, इसलिए जांच अधिकारियों को नए संशोधनों और कोर्ट के दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने वैवाहिक विवादों के दौरान मध्यस्थता और कानूनी कार्यवाही के बीच के अंतर को भी स्पष्ट किया।
कांस्टेबल से सब-इंस्पेक्टर तक हुए शामिल
इस एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर रैंक तक के 80 पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। सत्र के दौरान प्रश्न-उत्तर के माध्यम से जांच अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को साझा किया और विशेषज्ञों से उनके कानूनी समाधान जाने। पुलिस विभाग का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से न केवल पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि पीड़ित महिलाओं को अधिक मानवीय और पेशेवर कानूनी सहायता मिल सकेगी।