चंडीगढ़, शहर में झपटमारों के खिलाफ जारी धरपकड़ के बीच सेक्टर-34 थाना पुलिस ने एक शातिर झपटमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया 'रियलमी 4जी' मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान दिनेश कुमार यादव (36) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर का रहने वाला है और फिलहाल सेक्टर-41 में रह रहा था।
बेटे से बात करते समय झपटा था फोन
वारदात की शुरुआत 15 फरवरी 2025 को हुई थी, जब बुड़ैल निवासी इंद्र सिंह अपने काम से घर लौट रहे थे। इंद्र सिंह सेक्टर-43 के एक होटल में वेटर के रूप में कार्यरत हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि वह शाम करीब पौने सात बजे अपनी साइकिल से सेक्टर-34/44 की डिवाइडिंग रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान वह अपने बेटे कार्तिक से फोन पर बात करने लगे। तभी सामने से सफेद एक्टिवा पर सवार एक युवक आया और उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
सीसीटीवी और तकनीक से पकड़ा गया आरोपी
एसएसपी और एसपी सिटी के दिशा-निर्देशों पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार की देखरेख में गठित टीम ने इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए एमटीएमसी (MTMC) स्टाफ की मदद ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रूट और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी की पहचान सुनिश्चित हुई। बुधवार को पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर उसके पास से वारदात में छीना गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
अदालत ने भेजा न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी वारदात के समय हेलमेट पहनकर आया था ताकि उसकी पहचान छिपी रहे। आरोपी को वीरवार को सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी शहर में अन्य कितनी वारदातों में शामिल रहा है।