चंडीगढ़, मानवता और करुणा की मिसाल पेश करते हुए पीजीआईएमईआर (PGIMER) में शनिवार को उन 16 साहसी परिवारों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने प्रियजनों के जाने के गम के बीच अंगदान का बड़ा फैसला लिया। इन परिवारों के निस्वार्थ निर्णय से 80 लोगों का जीवन रोशन हुआ है। इनमें से 52 मरीजों को नया जीवन मिला, जबकि 28 मरीजों की आंखों की रोशनी वापस आई।
यह भावुक सम्मान समारोह रोटो नॉर्थ (ROTTO North) द्वारा आयोजित कार्यशाला ‘समर्थन 2026’ के उद्घाटन सत्र में हुआ। समारोह में जब दाता परिवारों को मंच पर बुलाया गया, तो पूरा सभागार उनके सम्मान में खड़ा हो गया और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका आभार जताया।
उपहार को मापने का कोई पैमाना नहीं: प्रो. विवेक लाल
पीजीआई निदेशक प्रो. विवेक लाल ने दाता परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में संस्थान की सफलता इन परिवारों की वजह से ही संभव है। उन्होंने कहा, "जीवन के इस महान उपहार को मापने का कोई पैमाना नहीं हो सकता। इन परिवारों ने दुख की घड़ी में दूसरों को जीवन देने के लिए पीजीआई पर जो भरोसा जताया, संस्थान उस पर खरा उतरने के लिए सदैव तत्पर है।"
समाज में जागरूकता की जरूरत
नोटो (NOTTO) नई दिल्ली के निदेशक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि अंगों की मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को केवल स्वैच्छिक अंगदान की संस्कृति से ही भरा जा सकता है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अमरजीत कौर ने कहा कि इन परिवारों की प्रेरणा हजारों मरीजों के लिए आशा की किरण है।
इन नायकों के परिवारों को मिला सम्मान
सम्मानित होने वालों में सुनाम के सुखविंदर सिंह, फतेहगढ़ साहिब के जतिंदर सिंह, चंडीगढ़ के रविंदर सिंह, बस्सी पठाना की हरप्रीत कौर, कांगड़ा के नवनीत ठाकुर और राजपुरा के मेजर सिंह के परिवार शामिल थे। इनके अलावा पंचकूला के परवीन कुमार, कैथल के नरेश कुमार, जीरकपुर के रवीश कुंवर, आनंदपुर साहिब के हरपिंदर सिंह, लुधियाना के गुरनूर सिंह और रोपड़ के दविंदर सिंह के परिवारों को भी नमन किया गया। भारतीय सेना से जुड़े अरशदीप सिंह, बलविंदर सिंह, प्यार चंद और बिस्वनाथ साव के परिवारों ने भी अंगदान कर मानवता की सेवा की।