चंडीगढ़, पीजीआईएमईआर (PGIMER) के ईएनटी विभाग ने सुनने की शक्ति बहाली की दिशा में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। विभाग की हेड डॉ. जयमंती बख्शी और उनकी टीम ने दक्षिण एशिया के शुरुआती और ट्राईसिटी के पहले 'स्मार्ट' न्यूक्लियस नेक्सा (Nucleus NEXA CI1032) कोकलियर इंप्लांट को सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया है। यह सर्जरी उन बच्चों के लिए वरदान साबित होगी जो गंभीर रूप से सुनने की अक्षमता का सामना कर रहे हैं।
क्या है इस 'स्मार्ट' इंप्लांट की खासियत
नेक्सा सिस्टम को दुनिया का पहला और एकमात्र स्मार्ट कोकलियर इंप्लांट प्लेटफॉर्म माना जाता है। इसमें लगे उन्नत नेक्सोस (NEXOS) चिपसेट की मदद से इसका फर्मवेयर भविष्य में अपग्रेड किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसमें अपनी मेमोरी है, जो मरीज की हियरिंग सेटिंग्स को सुरक्षित रखती है। अगर कभी साउंड प्रोसेसर बदलने की जरूरत पड़े, तो 'स्मार्ट सिंक' के जरिए मरीज तुरंत दोबारा सुनने में सक्षम हो जाता है।
समय पर जांच है सबसे जरूरी
डॉ. जयमंती बख्शी के अनुसार, बच्चों में सुनने की समस्या की जल्द पहचान होना बेहद महत्वपूर्ण है। जीवन के शुरुआती महीने मस्तिष्क और भाषा के विकास के लिए सबसे अहम होते हैं। यदि सही समय पर कोकलियर इंप्लांट जैसा उपचार मिल जाए, तो बच्चा सामान्य बच्चों की तरह मुख्यधारा की शिक्षा और समाज का हिस्सा बन सकता है।
इस सफल सर्जरी टीम में डॉ. जयमंती बख्शी के साथ ऑडियोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. धरम वीर और डॉ. नूरैन आलम भी शामिल रहे। पीजीआई की इस विशेषज्ञता और आधुनिक तकनीक के समन्वय ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के एक नए युग की शुरुआत की है।