मनीमाजरा । आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में आज मनीमाजरा स्थित वार्ड नंबर 6 के ऑब्जर्वर करणवीर नौरंगवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक पार्टी के चंडीगढ़ ग्रामीण महासचिव हरप्रीत हैप्पी के निवास स्थान पर आयोजित की गई, जिसमें चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा हुई।
जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर
बैठक के दौरान ऑब्जर्वर करणवीर नौरंगवाल ने वार्ड के मौजूदा राजनीतिक हालातों और पार्टी की स्थिति का फीडबैक लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर जनता के साथ तालमेल बढ़ाएं। नौरंगवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराकर उन्हें संगठन के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने जोर दिया कि नगर निगम चुनाव में जीत के लिए हर घर तक पहुंच बनाना अनिवार्य है।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से बुलाई गई इस बैठक में वार्ड के कई प्रमुख पदाधिकारी और युवा नेता शामिल हुए। इस मौके पर 'आप' के युवा नेता अवतार सिंह दर्शनी बाग, वार्ड नंबर 6 के प्रधान सतनाम सत्ता, महासचिव सुखविंदर सुखी, वरिंदर सिंह, पुनीत सोंधी, सरवन धीमान, सतविंदर मनी और काका सिंह समेत कई अन्य कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।