चंडीगढ़। पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और मानवीय संवेदनाओं के संगम की अनूठी मिसाल देखने को मिली। 'इंडियन सोसाइटी ऑफ ट्रांसप्लांट सर्जन्स' के दूसरे वार्षिक सम्मेलन के दौरान आयोजित 7वें 'ट्रांसप्लांट सर्जरी ओरेशन' में विशेषज्ञों ने न केवल सर्जिकल बारीकियों पर चर्चा की, बल्कि अंगदान करने वाले परिवारों की भावुक कहानियों ने भी सबको प्रेरित किया। कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रमुख विशेषज्ञों और युवा प्रशिक्षुओं ने शिरकत की।
प्रो. मोदी का विजन: सिविल अस्पताल से यूनिवर्सिटी तक का सफर
गुजरात यूनिवर्सिटी ऑफ ट्रांसप्लांटेशन साइंसेज के कुलपति प्रो. प्रांजल मोदी ने "सिविल अस्पताल से ट्रांसप्लांट यूनिवर्सिटी तक: दृष्टि, दृढ़ता और नेतृत्व की एक यात्रा" विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल को एक विश्वस्तरीय ट्रांसप्लांट केंद्र में बदलने के अपने अनुभवों को साझा किया। प्रो. मोदी ने बताया कि यह सफर किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि एक प्रशिक्षित टीम का सामूहिक प्रयास है। उन्होंने जानकारी दी कि उनके निरंतर प्रयासों से अब तक 231 मृत दाताओं से लगभग 995 अंग और ऊतक प्राप्त करना संभव हो पाया है। रोबोटिक किडनी ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा अनुभव रखने वाले प्रो. मोदी ने इसे सर्जरी का भविष्य बताया।
विशेषज्ञों का मंत्र: नेतृत्व और टीम वर्क ही सफलता की कुंजी
पीजीआई के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने सभा का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिष्ठित व्याख्यान न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि वैश्विक स्तर के ट्रांसप्लांट कार्यक्रम बनाने की भारत की क्षमता की भी पुष्टि करते हैं। रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी विभाग के प्रमुख प्रो. आशीष शर्मा ने प्रो. मोदी की यात्रा को युवा चिकित्सकों के लिए नेतृत्व का एक प्रेरणादायक मॉडल बताया। सम्मेलन के दौरान शरीर रचना विभाग के सहयोग से अंग निकालने (organ retrieval) पर 'कैडेवर वर्कशॉप' और डायलिसिस एक्सेस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी गहन चर्चा की गई।
संवेदना और संवाद: अंगदान के लिए 'हां' कहने की प्रेरणा
सम्मेलन के दौरान अंगदान और जीवन के अंतिम समय की देखभाल (end-of-life care) पर चर्चा ने सभी को भावुक कर दिया। प्रो. काजल जैन ने ब्रेन डेथ सर्टिफिकेशन और अंगदान से जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। बैठक का मुख्य आकर्षण 'लाइफ सपोर्ट' वापस लेने पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के संदर्भ में की गई चर्चा रही। इस दौरान दो परिवारों ने अपने बेटों के अंग दान करने के मार्मिक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि दुख की घड़ी में डॉक्टरों द्वारा किया गया सहानुभूतिपूर्ण संवाद ही परिवारों को अंगदान के लिए प्रेरित करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि सर्जिकल कौशल के साथ-साथ सहानुभूति और बेहतर संवाद एक सफल ट्रांसप्लांट प्रोग्राम के आधार स्तंभ हैं।