चंडीगढ़, नार्थ ज़ोन कल्चरल सेंटर (एनजेडसीसी), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित हरियाणवी ‘सांग उत्सव-26’ के दूसरे दिन बारिश भी सांग प्रेमियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। कलाग्राम में बड़ी संख्या में दर्शक इस चार दिवसीय उत्सव का हिस्सा बनने पहुंचे। शाम का माहौल उस समय और जीवंत हो गया जब प्रसिद्ध सांग कलाकार परदीप राय सांग़ी ने अपनी टीम के साथ ‘लीलो-चमन’ की प्रस्तुति दी। राय धनपत सिंह द्वारा लिखित यह कथा बंटवारे के दौर के प्रेम और बिछड़ने की मार्मिक कहानी को दर्शाती है, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इसके बाद दान सिंह और उनकी टीम ने ‘धर्मदेवी और नौ बहार’ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसमें बाल विवाह, त्याग और संघर्ष की गहरी झलक देखने को मिली।
उत्सव में 21 मार्च को कर्ण सिंह और धरमवीर सिंह अपनी प्रस्तुतियां देंगे। प्रतिदिन शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में आम जनता के लिए प्रवेश निःशुल्क है।
इस अवसर पर एनजेडसीसी के निदेशक मोहम्मद फुरकान खान ने कहा कि ऐसे आयोजन देश की लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किए जाते हैं।