चंडीगढ़, सेक्टर-29 स्थित शिवानंद आश्रम में शुक्रवार को त्रिदिवसीय आध्यात्मिक सम्मेलन 'कलियुग केवल नाम आधारा' का श्रद्धा व उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। दिव्य जीवन संघ की चंडीगढ़ शाखा द्वारा आयोजित इस महोत्सव में भक्ति, योग और वेदांत की त्रिवेणी बहेगी। सम्मेलन के पहले दिन साधकों को आत्मिक उन्नति और मानसिक शांति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिन पंजीकरण के बाद संतों का भव्य स्वागत किया गया। सायंकाल आयोजित भजन संध्या में श्री गुरु दत्त एवं मंडली ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को ईश्वर के नाम स्मरण की महिमा बताई गई। इसके पश्चात सामूहिक प्रीति भोज का आयोजन हुआ।
दिव्य जीवन संघ के संयुक्त सचिव संजीव आनंद ने बताया कि कलियुग में अशांति से मुक्ति का सबसे सरल साधन नाम-स्मरण ही है। यह आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और मानवीय मूल्यों के संचार के लिए किया गया है।
आज की कार्ययोजना
सम्मेलन के दूसरे दिन शनिवार (21 मार्च) को प्रातः प्रभात फेरी और पादुका पूजन होगा। उद्घाटन सत्र में स्वामी अद्वैतानंद, स्वामी अखिलानंद व स्वामी शिवाश्रितानंद माता के प्रवचन होंगे। दोपहर के सत्र में स्वामी भीतिहरानंद, स्वामी अक्षरानंद व स्वामी धर्मनिष्ठानंद योग व वेदांत पर व्याख्यान देंगे। शाम को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
22 मार्च का मुख्य आकर्षण
महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को ध्यान सत्र, महामंत्र जप और आध्यात्मिक ग्रंथों का विमोचन किया जाएगा। एपीएन पंकज द्वारा प्रश्नोत्तर सत्र के बाद स्वामी धर्मनिष्ठानंद के आशीर्वचन के साथ सम्मेलन संपन्न होगा।