चंडीगढ़, टैगोर थियेटर में शुक्रवार को डीएवी मॉडल स्कूल के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव 'वाइब्स-2026' का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। 'अतुल्य भारत' थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने अपनी प्रतिभा से भारतीय संस्कृति के विभिन्न रंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने क्षेत्रीय नृत्यों और विषय आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर मेयर सौरभ जोशी, जो स्वयं डीएवी कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं, ने संस्थान से अपने जुड़ाव पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मोबाइल की लत से दूर रहें बच्चे
समारोह को संबोधित करते हुए मेयर ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर जोर दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के पालन-पोषण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग पर चिंता जताते हुए उन्होंने छात्रों को तकनीक और वास्तविक जीवन के बीच संतुलन बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता, गुरुओं और अपनी सांस्कृतिक जड़ों का सम्मान करना ही उज्जवल भविष्य की नींव है।
प्रतिभाशाली छात्र हुए सम्मानित
समारोह के अंत में मेधावी छात्रों को शैक्षणिक और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में उत्कृष्टता के लिए पुरस्कृत किया गया। हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान ओलंपियाड के विजेताओं के साथ-साथ एनसीसी (NCC) और एनएसएस (NSS) के समर्पित स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया।