चंडीगढ़, चंडीगढ़ के आसमान में एक बार फिर भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध 'सूर्य किरण एरोबेटिक टीम' (SKAT) अपने हैरतअंगेज कारनामों से रोमांच भरेगी। आगामी 27 और 28 मार्च को सुखना झील पर होने वाले इस भव्य एयर शो की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। डीसी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों और विभागों के बीच बेहतर तालमेल में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऐप पर मिलेंगे प्रवेश पास, ₹100 होगा शुल्क
एयर शो देखने के लिए आम जनता को प्रवेश पास की आवश्यकता होगी। प्रशासन ने इस बार प्रक्रिया को डिजिटल बनाते हुए जानकारी दी कि पास 24 मार्च से 'चंडीगढ़ टूरिज्म ऐप' पर उपलब्ध होंगे। प्रति व्यक्ति 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। झील की क्षमता को देखते हुए प्रतिदिन केवल 10,000 दर्शकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। बैठक में नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
झील की ओर निजी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी
ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। कार्यक्रम के दौरान सुखना झील के आसपास निजी वाहनों के जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए शहर में सात अलग-अलग पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट बनाए जाएंगे। लोगों को इन पॉइंट्स से शटल सेवा के जरिए झील तक लाया जाएगा। ध्यान रहे कि अंतिम पिक-अप का समय सुबह 9:00 बजे तय किया गया है, इसके बाद बस सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
सुरक्षा के कड़े नियम: छोटे बच्चों की एंट्री नहीं
सुरक्षा कारणों और भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर प्रशासन ने कुछ कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
उम्र की सीमा: 3 वर्ष से कम आयु के बच्चों को कार्यक्रम स्थल पर लाने की अनुमति नहीं होगी।
क्या लाएं: दर्शक अपने साथ केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकेंगे। अन्य किसी भी प्रकार का बैग या खाने-पीने का सामान प्रतिबंधित रहेगा।
जांच में सहयोग: उपायुक्त ने अपील की है कि सभी आगंतुक सुरक्षा जांच में सहयोग करें और समय पर पहुंचें।
वायुसेना के साथ समन्वय कर एयरस्पेस प्रबंधन और तकनीकी रिहर्सल की योजना भी तैयार कर ली गई है। पुलिस विभाग को सुचारु पार्किंग और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।