चंडीगढ़, चंडीगढ़ में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब वार्ड नंबर 17 (सेक्टर 22 एवं 23) के पार्षद दमनप्रीत सिंह बादल ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की की मौजूदगी में उन्होंने विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्षद दमनप्रीत के अलावा 'आप' के पूर्व प्रदेश महासचिव और वर्तमान में जिला बार एसोसिएशन (सेक्टर-43) के कोषाध्यक्ष उज्जवल भसीन ने भी कांग्रेस का हाथ थामा है। उनके साथ वकील विशाल शर्मा और युवराज अष्ट भी कांग्रेस में शामिल हुए।
दमनप्रीत बोले- यह मेरी 'घर वापसी'
कांग्रेस में शामिल होने के बाद दमनप्रीत सिंह बादल ने इसे अपनी 'घर वापसी' करार दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में वे चंडीगढ़ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व 'आप' नेता स्वर्गीय प्रदीप छाबड़ा के साथ कांग्रेस छोड़कर चले गए थे। लेकिन अब उन्हें महसूस हुआ है कि कांग्रेस ही वह एकमात्र मंच है, जहां से वे अपने वार्ड और शहर की बेहतर ढंग से सेवा कर सकते हैं। वहीं, उज्जवल भसीन ने कहा कि अधिवक्ताओं के बीच कांग्रेस पार्टी की मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है।
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा : लक्की
नए साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि दमनप्रीत और उज्जवल भसीन जैसे जमीनी नेताओं के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद मनीष तिवारी द्वारा शहर के ज्वलंत मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाने और जमीनी स्तर पर पार्टी के कार्यों के चलते लोगों का विश्वास फिर से कांग्रेस की ओर लौट रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में अन्य दलों के कई और नेता भी राहुल गांधी की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल होंगे।