चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के सेक्टर 45/50 डिवाइडिंग रोड पर बुधवार (25 मार्च) शाम एक साइकिल सवार बुजुर्ग सिक्योरिटी गार्ड से नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में सेक्टर-49 थाना पुलिस ने एक 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बुड़ैल (सेक्टर-45) निवासी अनुभव के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और वारदात को अंजाम देने के लिए इन्होंने सेक्टर-50 के जंगल में एक झोपड़ी भी बनाई हुई थी।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-52 निवासी 63 वर्षीय मिथिलेश सिंह इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित 'चंडीगढ़ स्वीट्स' में बतौर सिक्योरिटी गार्ड काम करते हैं। 25 मार्च की शाम जब वह ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी सेक्टर 45/50 डिवाइडिंग रोड पर नंगली आश्रम के पास दो युवकों ने उन्हें रोका। एक युवक ने उनका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया, जबकि दूसरे (अनुभव) ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में उनका आधार कार्ड और 106 रुपये (एक 100 रुपये का नोट और तीन 2 रुपये के नोट/सिक्के) थे। वारदात के तुरंत बाद वहां गश्त कर रही पुलिस टीम को पीड़ित ने आपबीती बताई।
सेक्टर-49 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शेर सिंह की अगुवाई वाली टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में अनुभव को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पीड़ित का पर्स, आधार कार्ड और 106 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए शाम या रात के समय राहगीरों को निशाना बनाते थे और वारदात के बाद सेक्टर-50 के जंगल में बनाई अपनी झोपड़ी में छिप जाते थे।
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी अनुभव को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। अब पुलिस उसके दूसरे साथी की गिरफ्तारी और लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, 11वीं कक्षा तक पढ़े अनुभव का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।