चंडीगढ़, चंडीगढ़ के रामदरबार इलाके में एक 'इन-ड्राइव' बाइक टैक्सी चालक से नकदी और चेन झपटने के मामले में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामदरबार फेज-2 निवासी 22 वर्षीय कार्तिक और इंदिरा आवास कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय रविंदर उर्फ मुकाम्बो के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई चेन, आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटोकॉपी बरामद कर ली है।
बातों में उलझाकर दिया था वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, पंजाब के डेराबस्सी स्थित गोलूमाजरा निवासी 36 वर्षीय अनुज कुमार बाइक टैक्सी चालक के तौर पर काम करते हैं। 28 मार्च की शाम करीब सवा सात बजे वे रामदरबार फेज-2 स्थित शिव मंदिर के पास एक सवारी को छोड़कर अगली राइड का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और अनुज से बातचीत करने लगे। बातों-बातों में मौका पाकर एक युवक ने उनकी जैकेट की ऊपरी जेब से 1100 रुपये निकाल लिए, जिन्हें आधार और पैन कार्ड की फोटोकॉपी के बीच लपेटा गया था। इसके तुरंत बाद दूसरे युवक ने उनके गले से चेन झपट ली और दोनों वहां से फरार हो गए।
पुलिस टीम की मुस्तैदी और रिकवरी
घटना की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी कंवरदीप कौर, एसपी (सिटी) केएम प्रियंका और एसडीपीओ (साउथ) गुरजीत कौर के दिशा-निर्देशों में सेक्टर-31 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 मार्च (सोमवार) को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्तिक पेशे से ड्राइवर है, जबकि रविंदर सफाईकर्मी का काम करता है।
पुलिस ने कार्तिक के पास से छीनी गई चेन, आधार कार्ड की कॉपी और नकदी बरामद की है, जबकि रविंदर के पास से पैन कार्ड की कॉपी बरामद की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कार्तिक का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है, लेकिन रविंदर के खिलाफ पहले से ही सेक्टर-31 थाने में साल 2023 में चोरी (धारा 380) का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।