चंडीगढ़, शहर में ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत करने और स्वच्छ शहरी वातावरण सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम (एमसी) चंडीगढ़ ने एक बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को सभी घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए 4-डस्टबिन (चार कूड़ेदान) कचरा निस्तारण प्रणाली को अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनके चालान काटे जाएंगे।
यह अहम निर्णय नगर निगम आयुक्त आईएएस अमित कुमार की अध्यक्षता में हुई एक विशेष बैठक में लिया गया। इस बैठक में विशेष आयुक्त आईएएस प्रदीप कुमार, संयुक्त आयुक्त डॉ. हिमांशु गुप्ता और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
क्या है 4-डस्टबिन सिस्टम?
नए निर्देशों के अनुसार, अब शहरवासियों को स्रोत पर ही कचरे को अलग-अलग करने के लिए चार अलग-अलग रंग के डस्टबिन का उपयोग करना होगा:
हरा डस्टबिन (Green Bin): रसोई के कचरे जैसे गीले कूड़े के लिए।
नीला डस्टबिन (Blue Bin): कागज, प्लास्टिक और धातु जैसे सूखे कचरे के लिए।
काला डस्टबिन (Black Bin): घरेलू हानिकारक कचरे के लिए।
लाल डस्टबिन (Red Bin): इस्तेमाल किए गए मास्क, दस्ताने, पट्टियां और एक्सपायर हो चुकी दवाइयों जैसे बायोमेडिकल और सैनिटरी कचरे के लिए।
लापरवाही पर लगेगा भारी जुर्माना
नगर निगम जल्द ही शहर के सभी सेक्टरों में सघन चेकिंग अभियान शुरू करने जा रहा है। यदि कोई भी घर, दुकानदार या व्यावसायिक प्रतिष्ठान कचरा मिलाता हुआ पाया गया या इस निर्धारित प्रणाली का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ नगरपालिका के नियमों के तहत सख्त जुर्माना लगाया जाएगा।
इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य कचरा संग्रहण को सुव्यवस्थित करना, रीसाइक्लिंग प्रक्रिया को बेहतर बनाना और लैंडफिल साइट्स (डंपिंग ग्राउंड) पर कचरे का बोझ कम करना है। शहर को अधिक स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इन नए दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।