चंडीगढ़, चंडीगढ़ पशुओं की बेहतर देखभाल और प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार (आईएएस) ने सेक्टर-38 स्थित 'सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स' (एसपीसीए) का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ नगर निगम के विशेष आयुक्त व पशुपालन सचिव प्रदीप कुमार, एसपीसीए सदस्य व निगम पार्षद सतिंदर सिंह सिद्धू सहित चंडीगढ़ प्रशासन और निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य केंद्र में हुए हालिया सुधारों की समीक्षा करना और वहां रखे गए कुत्तों के रखरखाव, इलाज व उनके रहने की स्थिति का आकलन करना था।
स्टॉक रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि पशुओं की देखभाल और कल्याण के उच्चतम मानकों को हर हाल में बनाए रखना होगा। उन्होंने पशुओं को दिए जाने वाले भोजन, पोषण, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि भोजन, दवा और अन्य आवश्यक वस्तुओं का उचित स्टॉक रजिस्टर बनाया जाए और उसे नियमित रूप से अपडेट भी रखा जाए।
कामकाज में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने के लिए कमिश्नर ने सभी कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द बायोमेट्रिक सिस्टम स्थापित करने को कहा। इसके अलावा, उन्होंने सुविधा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज की भी समीक्षा की और बेहतर निगरानी के लिए सभी रिकॉर्ड को व्यवस्थित तथा कंप्यूटरीकृत तरीके से मेंटेन करने की आवश्यकता पर बल दिया। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसपीसीए से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि प्रबंधन को और मजबूत कर पशुओं का कल्याण सुनिश्चित किया जा सके