चंडीगढ़, चंडीगढ़ में बिजली वितरण के निजीकरण के बाद चरमराई व्यवस्था और दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया। पार्टी अध्यक्ष विजयपाल सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-34 स्थित सीपीडीएल कार्यालय के बाहर भाजपा प्रशासन और निजी कंपनी के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 'डबल बिलिंग' और अघोषित बिजली कटों को लेकर जमकर नारेबाजी की।
महंगी बिजली और स्लैब में कटौती से जनता बेहाल
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए 'आप' नेताओं ने कहा कि 1 अप्रैल 2026 से लागू नई दरें जनता की जेब पर सीधा डाका हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि पहले जहां 150 यूनिट तक सस्ता स्लैब मिलता था, उसे घटाकर अब मात्र 100 यूनिट कर दिया गया है। इसके साथ ही पीक आवर्स (ToD) के नाम पर 20% अतिरिक्त सरचार्ज वसूला जा रहा है।
डबल बिलिंग और संड्री चार्जेज का मुद्दा गरमाया
पार्टी ने 'डबल बिलिंग' को एक बड़ा घोटाला करार दिया। नेताओं के अनुसार, मार्च महीने में कई उपभोक्ताओं को 15-20 दिनों के भीतर ही दो बार बिल भेज दिए गए। इसके अलावा, बिलों में बिना किसी स्पष्ट जानकारी के 8,000 से 22,000 रुपये तक के 'संड्री चार्जेज' जोड़े जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी है।
निजीकरण के बाद बढ़ी बिजली कटौती
आप नेताओं ने कहा कि जिस चंडीगढ़ में कभी निर्बाध बिजली मिलती थी, वहां अब रोजाना 2 से 6 घंटे के अघोषित पावर कट लग रहे हैं। प्रवक्ता योगेश ढींगरा ने कर्मचारियों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि निजीकरण के बाद कर्मचारियों को पेंशन और एचआरए जैसे लाभ नहीं मिल रहे, जिससे मामला अब अदालत तक पहुंच गया है।
पंजाब से तुलना: वहां राहत, यहां आफत
अध्यक्ष विजयपाल सिंह और मीडिया प्रभारी विक्रांत तंवर ने कहा कि एक तरफ पंजाब सरकार 300 यूनिट मुफ्त बिजली दे रही है और दरों में कटौती कर रही है, वहीं चंडीगढ़ भाजपा प्रशासन 30,000 करोड़ की संपत्ति को कौड़ियों के दाम निजी हाथों में सौंपकर जनता को लूट रहा है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि बढ़े हुए रेट और जनविरोधी फैसले वापस नहीं लिए गए तो यह आंदोलन पूरे शहर में फैलाया जाएगा।