चंडीगढ़, आगामी दिसंबर 2026 के नगर निगम चुनावों के लिए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। संगठन को जमीनी स्तर पर अभेद्य बनाने के लिए पार्टी ने बूथ लेवल एजेंट (BLA) और बूथ कमेटियों के साथ बैठकों का मैराथन अभियान छेड़ा हुआ है। रविवार को लगातार तीसरे दिन शहर के पांच अलग-अलग वार्डों में रणनीतिक बैठकें की गईं, जिसमें कार्यकर्ताओं को आगामी 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) और चुनावी बारीकियों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
सांसद और प्रदेश अध्यक्ष ने संभाली कमान
पिछले तीन दिनों से स्थानीय सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की खुद वार्डों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा रहे हैं। एच.एस. लक्की ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस बार शहर के सभी 35 वार्डों में अपने दमखम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि बूथ स्तर की इस मजबूती के दम पर कांग्रेस आगामी चुनावों में न केवल जीत दर्ज करेगी, बल्कि नगर निगम में पार्टी का मेयर भी बनाएगी।
बूथ कमेटी चुनाव की रीढ़: मनीष तिवारी
बैठकों के दौरान सांसद मनीष तिवारी ने कार्यकर्ताओं को 'जीत का मंत्र' देते हुए कहा कि बूथ कमेटी ही किसी भी चुनाव की असली रीढ़ होती है। उन्होंने जोर दिया कि यदि बूथ स्तर पर संगठन अडिग है, तो जीत निश्चित है। तिवारी ने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जनसंपर्क बढ़ाने और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
मई में लगेगा प्रशिक्षण शिविर
पार्टी का लक्ष्य अप्रैल के अंत तक सभी 35 वार्डों में बूथ कमेटियों का गठन पूरा करना है। अब तक 15 वार्डों में बैठकें संपन्न हो चुकी हैं और शेष वार्डों के लिए शेड्यूल तय कर दिया गया है।
अहम पड़ाव:
अप्रैल: सभी 35 वार्डों में कमेटियों और BLA का पूर्ण गठन।
मई: कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर, जिसमें चुनावी प्रबंधन और SIR प्रक्रिया सिखाई जाएगी।
कांग्रेस का मानना है कि इस बार प्रभावी बूथ प्रबंधन और प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के बल पर वह शहर की जनता को एक जवाबदेह प्रशासन देने में सफल रहेगी।