चंडीगढ़, पीजीआईएमईआर के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में 'नियोनेटल न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर' (नवजात शिशुओं के दिमागी विकार) विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला रविवार को संपन्न हो गई। समापन सत्र में विशेषज्ञों ने नवजात शिशुओं में फिट्स (मिर्गी) और दिमागी सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए।
ईईजी मॉनिटरिंग की अनिवार्यता पर जोर
कार्यशाला के संयुक्त आयोजन सचिव डॉ. जोगिंदर कुमार ने बताया कि हालिया शोधों के अनुसार, नवजात शिशुओं में कई ऐसी असामान्य हरकतें जिन्हें आम लोग और विशेषज्ञ भी झटके (मिर्गी) मान लेते हैं, वे वास्तव में फिट्स नहीं होते। इसके उलट, कई बार मस्तिष्क की तरंगों (EEG) में झटके दिखते हैं लेकिन बाहर से कोई लक्षण नजर नहीं आता। ये 'अदृश्य' झटके भी मस्तिष्क को भारी नुकसान पहुँचाते हैं। उन्होंने जोर दिया कि हर पीडियाट्रिक यूनिट में निरंतर ईईजी मॉनिटरिंग की सुविधा होनी चाहिए ताकि सही निदान हो सके।
लो-शुगर और दिमागी सुरक्षा
प्रो. नवीन सांख्यान ने नवजात अवस्था में रक्त में शुगर का स्तर कम होने (हाइपोग्लाइसीमिया) के खतरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गंभीर मिर्गी से पीड़ित कई बच्चों में शुरुआती जीवन में शुगर कम होने का इतिहास मिलता है। वहीं, गायनी विभाग की डॉ. भारती शर्मा ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को मैग्नीशियम सल्फेट और स्टेरॉयड के इंजेक्शन देकर समय से पहले जन्म लेने वाले शिशुओं के दिमाग को सुरक्षित रखा जा सकता है।
स्ट्रोक और हाइड्रोसिफ़लस का उपचार
डॉ. बिजयलक्ष्मी बेहरा ने बताया कि शिशुओं में ब्रेन स्टोक होने पर कभी-कभी लो-डोज हेपरिन और एस्पिरिन जैसी दवाओं की जरूरत पड़ती है। डॉ. साजन सैनी ने प्री-मैच्योर बच्चों के मस्तिष्क में खून बहने के बाद पानी भरने (हाइड्रोसिफ़लस) की समस्या पर अंतरराष्ट्रीय गाइडलाइंस साझा कीं।
कार्यशाला के अंतिम सत्र में डेलिगेट्स ने रियल-लाइफ केस स्टडीज और एमआरआई इमेजिंग के माध्यम से विशेषज्ञों के साथ सीधा संवाद किया।