चंडीगढ़, संगठित साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान 'ऑपरेशन म्यूल हंट' के तहत चंडीगढ़ पुलिस के साइबर क्राइम थाना को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक संगठित नेटवर्क से जुड़े चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी (साइबर) गीतांजलि खंडेलवाल के दिशा-निर्देशों और डीएसपी साइबर क्राइम व एसएचओ सेक्टर-17 के नेतृत्व में की गई।
म्यूल बैंक खातों के जरिए हो रहा था खेल
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार (निवासी सेक्टर-47), जय किशन सिंह (निवासी सेक्टर-52), मुबारक अली (निवासी मुल्लांपुर गरीबदास, पंजाब) और पीयूष पांडेय (निवासी सारंगपुर, चंडीगढ़) के रूप में हुई है। इनके खिलाफ साइबर क्राइम थाने में दो अलग-अलग एफआईआर (नंबर 51 और 52) दर्ज की गई हैं।
जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे:
देशव्यापी नेटवर्क: भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से मिली जानकारी के अनुसार, इन बैंक खातों का लिंक दिल्ली, तमिलनाडु, गोवा, मुंबई और गुजरात जैसे राज्यों में हुई ठगी से जुड़ा पाया गया है।
क्या है 'म्यूल अकाउंट': आरोपी अपने बैंक खातों को अपराधियों को इस्तेमाल करने के लिए देते थे। इन खातों में ठगी की रकम मंगवाई जाती थी और फिर कमीशन के बदले उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर या चेक के जरिए निकाल कर ठगों तक पहुंचाया जाता था।
कमीशन का लालच: आरोपियों ने स्वीकार किया है कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें वित्तीय लाभ और कमीशन का लालच देकर उनके खाते लिए थे।
सार्वजनिक सलाह: आपका खाता बन सकता है मुसीबत
पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेक बुक या यूपीआई पिन साझा न करें। कमीशन के लालच में किसी और का पैसा अपने खाते में मंगवाना आपको 'म्यूल अकाउंट' होल्डर बनाता है, जो भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत एक गंभीर दंडनीय अपराध है।
भ्रामक विज्ञापनों से रहें सावधान
पुलिस के अनुसार, साइबर ठग अक्सर पार्ट-टाइम जॉब, वर्क फ्रॉम होम, 'डिजिटल अरेस्ट' या क्रिप्टो निवेश के नाम पर लोगों को फंसाते हैं। माता-पिता को सलाह दी गई है कि वे युवाओं और छात्रों को इस बारे में शिक्षित करें, क्योंकि ठग उन्हें आसान पैसे का लालच देकर निशाना बनाते हैं। यदि आपके खाते में कोई अनजान राशि क्रेडिट होती है, तो तुरंत बैंक और पुलिस को सूचित करें।