चंडीगढ़, चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) ने उपभोक्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाने और जमीनी स्तर पर सेवाओं में सुधार के लिए 'कंज्यूमर कनेक्ट कैंप' (उपभोक्ता संपर्क शिविर) की शुरुआत की है। इस पहल के तहत पहला शिविर खुदा अली शेर स्थित गुरुद्वारे के समीप लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं का समाधान पाया।
शिविर के दौरान उपभोक्ताओं को मुख्य रूप से बिलिंग चक्र में हुए बदलाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त बिजली नियामक आयोग (जेईआरसी) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 19 जनवरी 2026 से अब दो महीने के बजाय हर महीने (मासिक) बिल जारी किए जा रहे हैं।
तकनीक से आएगी पारदर्शिता
सीपीडीएल ने बिलिंग में मानवीय गलतियों को खत्म करने के लिए कई तकनीकी बदलाव किए हैं। अब फोटो-आधारित मीटर रीडिंग ली जा रही है और 'ओसीआर' सक्षम सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे मैनुअल एंट्री की जरूरत नहीं पड़ती। इसके अलावा, अपग्रेड किए गए एसएपी सिस्टम के माध्यम से बिलों में होने वाली किसी भी गलती को तुरंत ठीक किया जा सकता है। बिल जारी करने से पहले और बाद में ऑडिट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
दो बिल मिलने पर दी सफाई
बदलाव के दौरान कुछ उपभोक्ताओं को कम समय के अंतराल पर दो बिल प्राप्त हुए थे। शिविर में स्पष्ट किया गया कि ये बिल अलग-अलग अवधि के हैं और तकनीकी रूप से सही हैं, इनमें कोई दोहराव नहीं है। विभाग के अनुसार, सिस्टम के पूरी तरह स्थिर होने और मीटर रीडरों के प्रशिक्षित होने से अब शिकायतों में काफी कमी आई है। शिविर में आए उपभोक्ताओं ने विभाग की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया। कई पुराने लंबित मामलों का दो दिन के भीतर निपटारा किया गया, जबकि सेवा संबंधी शिकायतों पर कुछ ही मिनटों में कार्रवाई की गई।