चंडीगढ़, आर्य समाज, सैक्टर 7 में आयोजित चौथी सिकंदरा देवी मैमोरियल कराटे और गदा प्रतियोगिता में शौर्य फाइट क्लब, चंडीगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में क्लब के 27 बच्चों ने हिस्सा लिया और कुल 54 पदक झटके, जिनमें 12 स्वर्ण, 20 रजत और 22 कांस्य पदक शामिल हैं। इन विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में मंगलवार को सैक्टर 44-बी स्थित 'गार्डन ऑफ एनुअल्स' में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संगठन के संस्थापक एवं प्रसिद्ध समाजसेवी अनूप सरीन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सभी प्रतिभागी बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
हारना गलत नहीं, हार मानना गलत : अनूप सरीन
बच्चों को संबोधित करते हुए अनूप सरीन ने कहा कि हर चैंपियन की शुरुआत एक छोटे बच्चे के रूप में होती है, जो सीखते समय गिरता भी है। उन्होंने कहा, "जूडो और कराटे हमें गिरकर फिर से उठना सिखाते हैं। जीवन में हारना गलत नहीं है, लेकिन हार मान लेना गलत है।" उन्होंने बच्चों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों का महत्व समझाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सरीन ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खुद पर विश्वास रखने वाला ही असली चैंपियन बनता है।
ये रहे उपस्थित
इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम में कोच मीनू के साथ पंडित सूरज मिश्रा और भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संगठन के कार्यकर्ता रंजीत राणा, विश्व गुप्ता, बालम ठाकुर, अशोक शर्मा, उमेश गौतम एवं कौशल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।