चंडीगढ़, शहर की सड़कों और बाजारों में अवैध कब्जे हटाने और पैदल चलने वालों के लिए रास्ता सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने मंगलवार को व्यापक अभियान चलाया। निगम की प्रवर्तन टीमों (Enforcement teams) ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई करते हुए 27 रेहड़ियां और 14 वाहन जब्त किए, जबकि अलग-अलग उल्लंघन करने वालों के 55 चालान काटे गए।
सेक्टर-41 और रामदरबार से शुरू हुई कार्रवाई
सुबह के सत्र में प्रवर्तन टीमों ने सेक्टर-41 और रामदरबार फेज-2 में मोर्चा संभाला। यहां सड़कों के किनारे अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे वेंडरों को हटाया गया। इस दौरान निगम ने कुल 27 रेहड़ियां जब्त कीं। इसके बाद टीम ने सेक्टर-17 के बैंक स्क्वायर इलाके में अभियान चलाया, जहां 15 अवैध वेंडरों को हटाकर सार्वजनिक स्थल को खाली कराया गया।
मनीमाजरा मोटर मार्केट में बड़ी कार्रवाई
शाम के वक्त निगम की टीम ने सेक्टर-13 मनीमाजरा स्थित मोटर मार्केट में सख्त कार्रवाई की। यहां सड़क किनारे और निगम की जमीन पर अनाधिकृत रूप से वाहनों की मरम्मत का काम किया जा रहा था। टीम ने बाधा उत्पन्न कर रहे 14 वाहनों को जब्त किया और मरम्मत में इस्तेमाल होने वाला सामान भी कब्जे में ले लिया।
नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम ने विक्रेताओं और वाहन मालिकों से नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि नागरिकों को सुरक्षित और बाधा मुक्त वातावरण मिल सके