चंडीगढ़ । पीएचएचपी एंड सी (पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़) निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल भरत मेहतानी ने बुधवार को एनसीसी के चंडीगढ़ ग्रुप मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कैडेटों के प्रशिक्षण की समीक्षा की और उनका उत्साहवर्धन किया। मेजर जनरल के आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने परमवीर चक्र विजेता और पूर्व एनसीसी कैडेट कैप्टन विक्रम बत्रा को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यालय पहुंचने पर अधिकारियों ने अपर महानिदेशक को ग्रुप की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद मेजर जनरल मेहतानी ने विभिन्न यूनिट्स, प्रशिक्षण क्षेत्रों और सिम्युलेटर सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान एनसीसी कैडेटों ने अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम की गतिविधियों और व्यावहारिक कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसकी उन्होंने काफी सराहना की।
दौरे का समापन एक संवादात्मक चाय सत्र के साथ हुआ। मेजर जनरल मेहतानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी कैडेटों से विशेष रूप से बातचीत की। उन्होंने कैडेटों के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण की तारीफ करते हुए उन्हें राष्ट्र सेवा में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।