चंडीगढ़, चंडीगढ़ में 8वें राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बुधवार को सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव अनुराधा स. चगती की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बार पखवाड़े का मुख्य विषय 'जीवन के शुरुआती छह वर्षों में बच्चों के मस्तिष्क विकास को अधिकतम करना' रखा गया है। इसका उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था में सही देखभाल और पोषण के प्रति लोगों को जागरूक कर 'सुपोषित भारत' के लक्ष्य को हासिल करना है।
इन अहम विषयों पर रहेगा फोकस
बैठक में जानकारी दी गई कि इस अभियान के तहत मातृ एवं शिशु पोषण के साथ-साथ जन्म से तीन वर्ष तक के बच्चों के मस्तिष्क विकास के लिए शुरुआती प्रोत्साहन पर विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षा, बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करने में अभिभावकों की भूमिका और आंगनवाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ बनाने के लिए सामुदायिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। सचिव अनुराधा स. चगती ने सभी विभागों से अपील की है कि वे इन विषयों पर आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
हेल्पलाइन पर मिलेगी विशेषज्ञों की राय
आम जनता की सुविधा के लिए पोषण पखवाड़े के दौरान एक विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक पोषण हेल्पलाइन (1800-1800-2244) के माध्यम से विशेषज्ञ पैनल के सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में आमजन सीधे तौर पर प्रतिष्ठित आयुष विशेषज्ञों से संवाद कर पोषण, स्वास्थ्य और बीमारियों से बचाव के संबंध में परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
गौरतलब है कि 'पोषण अभियान' के तहत अब तक देशभर में 15 बड़े अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। चंडीगढ़ में भी विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल से अब तक 7 लाख से अधिक जन-जागरूकता गतिविधियां की जा चुकी हैं, जो पोषण सुधार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।