चंडीगढ़/मोहाली, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय चौथे 'चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल-2026' की गुरुवार को भव्य शुरुआत हुई। यह फेस्टिवल दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और छात्रों को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है, जहां स्टोरीटेलिंग और रचनात्मकता का संगम देखने को मिलेगा। इस बार फेस्टिवल में 11 अंतरराष्ट्रीय प्रविष्टियों सहित कुल 383 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जो एनिमेशन, वीएफएक्स और एआई-आधारित फिल्म निर्माण जैसे आधुनिक क्षेत्रों पर केंद्रित हैं।
तकनीक को अपनाएं, विरोध न करें: विशेषज्ञ
फेस्टिवल के पहले दिन इंडस्ट्री के दिग्गजों ने छात्रों के साथ भविष्य की तकनीक पर संवाद किया। हाई-टेक एनिमेशन स्टूडियो के एमडी सुब्रता रॉय ने कहा कि आजकल हर जगह एआई-इंटीग्रेशन तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने छात्रों को सचेत करते हुए कहा, "या तो तकनीक आपको अपना दास बना लेगी या आप तकनीक को अपना दास बना लेंगे। यदि आप एआई का सही इस्तेमाल सीखेंगे, तो यह आपके लिए काम करेगा।" वहीं, ज़ेबू एनिमेशन के क्रिएटिव डायरेक्टर वीरेंद्र के. पाटिल ने कहा कि एआई विकास का अगला चरण है। नई पीढ़ी को इसे रचनात्मक उपकरण के रूप में अपनाना चाहिए।
383 फिल्मों का होगा प्रदर्शन
यूनिवर्सिटी के यूआईएफवीए (UIFVA) विभाग द्वारा आयोजित इस उत्सव में शॉर्ट फिल्मों से लेकर एआई-ड्रिवन सिनेमा तक की विस्तृत श्रृंखला शामिल है:
शॉर्ट फिल्में: 172
एआई-ड्रिवन फिल्में: 26
डॉक्यूमेंट्रीज: 20
2डी और 3डी एनिमेशन: 34
वीएफएक्स और शोरिल्स: 104
विज्ञापन फिल्में: 21
फेस्टिवल में स्पेन, यूके, ऑस्ट्रेलिया सहित भारत के प्रतिष्ठित संस्थान जैसे FTII, सत्यजीत राय फिल्म संस्थान और IIT मुंबई भी हिस्सा ले रहे हैं।
अनुभवात्मक शिक्षा का मंच
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) रविराजा एन सीताराम ने कहा कि कैंपस में 'एक्सपीरिएंशियल लर्निंग' को बढ़ावा देना ही मुख्य विजन है, ताकि शिक्षा केवल क्लासरूम तक सीमित न रहे। क्राफ्टन इंडिया के आर्ट डायरेक्टर श्याम श्रीराम देशपांडे ने कला और बाजार की मांग के बीच संतुलन बनाने की सीख दी।
फेस्टिवल के अंतिम दिन अंतरराष्ट्रीय जूरी द्वारा चुनी गई सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को पुरस्कृत किया जाएगा। जूरी में चिली के डॉ. सेबेस्टियन पैगुएगुई, श्रीलंका की सचिता कलिंगामुदली और बॉलीवुड अभिनेता रोहित तिवारी जैसे नाम शामिल हैं।