चंडीगढ़ : मनीमाजरा के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। क्षेत्र के सबसे बड़े पार्क, शिवालिक गार्डन को पर्याप्त रोशनी से सराबोर करने के लिए गुरुवार को हाई मास्क लाइटें लगाने का कार्य विधिवत रूप से शुरू हो गया। करीब 23 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना से न केवल पार्क का कोना-कोना रोशन होगा, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी यह बड़ा कदम माना जा रहा है।
अंधेरे से मिलेगी मुक्ति, सुरक्षा होगी पुख्ता
शिवालिक गार्डन में पहले से लगी लाइटें पार्क के विशाल क्षेत्रफल के मुकाबले नाकाफी थीं। पर्याप्त रोशनी न होने के कारण शाम ढलते ही यहां अंधेरा पसर जाता था, जिससे सैर करने आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी असुविधा होती थी। अंधेरे का लाभ उठाकर असामाजिक तत्वों की सक्रियता भी स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी। फंड की कमी के कारण यह प्रोजेक्ट लंबे समय से अटका हुआ था।
पार्षद सरबजीत कौर के प्रयासों को मिली सफलता
नगर निगम में बजट की उपलब्धता होते ही स्थानीय पार्षद एवं पूर्व मेयर सरबजीत कौर ढिल्लों ने इस कार्य को प्राथमिकता दी। उनके प्रयासों के फलस्वरूप आज पार्क में तीन बड़ी हाई मास्क लाइटें और चार छोटी लाइटें लगाने का काम शुरू करवाया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पीपली वाला टाउन, माड़ी वाला टाउन और शांति नगर के निवासियों ने पार्षद का आभार व्यक्त करते हुए मिठाई बांटी।
उपस्थित गणमान्य
कार्यकम के दौरान पार्षद सरबजीत कौर ढिल्लों के साथ पूर्व डिप्टी मेयर जगतार सिंह जग्गा, रणदीप सिंह ढिल्लों, राजीव डिंगरा, हरिकेश वर्मा, मुरारी लाल और मदन लाल डिंगरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।