चंडीगढ़, चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव और आगामी राजनीतिक सरगर्मियों के बीच मनीमाजरा में कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष और नगला मोहल्ला गुरुद्वारा के प्रधान हीरा सिंह ने अपने साथियों सहित आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया। 'आप' के प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
हीरा सिंह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और वे 'आप' नेता हरप्रीत हैप्पी व अवतार सिंह दर्शनीबाग के पुराने साथी रहे हैं। पार्टी में शामिल होने के बाद हीरा सिंह ने कहा कि वे पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज और जनकल्याणकारी नीतियों से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पंजाब में आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं और बिजली-पानी जैसी सहूलियतें मिल रही हैं, वैसी ही सुविधाएं चंडीगढ़ की जनता को भी मिलनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा समय में विकास का एकमात्र विकल्प आम आदमी पार्टी ही है।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
हीरा सिंह के पार्टी में शामिल होने के दौरान 'आप' के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें पार्षद हरदीप सिंह, पार्षद योगेश ढींगरा, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार, चंडीगढ़ ग्रामीण के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी जगपाल और मीडिया इंचार्ज विक्रांत तंवर विशेष रूप से उपस्थित थे। पार्टी नेताओं ने कहा कि हीरा सिंह के आने से मनीमाजरा क्षेत्र में पार्टी को और मजबूती मिलेगी।